Connect with us

agriculture

गंगा किनारे वन विभाग की करोड़ों की जमीन पर भू-माफियाओं का कब्जा, रात के अंधेरे में चल रहे ट्रैक्टर

Published

on

IMG 3226

हसनपुर (अमरोहा): तहसील क्षेत्र के हैदलपुर वन ब्लॉक में भू-माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। यहाँ गंगा किनारे स्थित वन विभाग की सरकारी भूमि पर दबंगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करने का मामला प्रकाश में आया है। ताज्जुब की बात यह है कि जहाँ एक ओर ग्रामीण इन कब्जों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं, वहीं जिम्मेदार अधिकारी इससे अनजान बने हुए हैं।

रात भर गरज रहे हैं ट्रैक्टर

सूत्रों के अनुसार, हैदलपुर वन ब्लॉक के अंतर्गत करीब 975 हेक्टेयर क्षेत्रफल आता है। गंगा के जलस्तर में कमी आने के बाद जो उपजाऊ जमीन खाली हुई है, उस पर दबंगों की नजर है। बताया जा रहा है कि भू-माफिया रात के सन्नाटे में ट्रैक्टरों से जुताई कर जमीन को खेती के लिए तैयार कर रहे हैं। रात भर ट्रैक्टरों की आवाज गूँजती है, लेकिन वन विभाग की नींद नहीं टूट रही।

चुनाव और वोट बैंक की राजनीति का खेल

स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, जैसे-जैसे पंचायत चुनाव करीब आते हैं, अवैध कब्जों की बाढ़ आ जाती है। आरोप है कि वोट के लालच में स्थानीय प्रधान और दावेदार कब्जों को रोकने के बजाय अपने चहेतों की मदद करते हैं। ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरा रोष है, लेकिन दबंगों के खौफ के कारण कोई भी खुलकर बोलने को तैयार नहीं है।

अधिकारियों का क्या कहना है?

इस मामले पर क्षेत्रीय वनाधिकारी नरेश कुमार ने कहा:-

“हैदलपुर वन ब्लॉक में वन विभाग और ग्राम समाज की भूमि का अभी सीमांकन नहीं हुआ है। जल्द ही जमीन की पैमाइश कराकर वन विभाग की भूमि को कब्जे में लिया जाएगा। किसी को भी अवैध कब्जे की अनुमति नहीं दी जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।”

Trending