Connect with us

Latest News

दावे-आपत्तियों हेतु 18 जनवरी, 31 जनवरी व 01 फरवरी को विशेष अभियान

Published

on

IMG 1487

Amroha: उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती गरिमा सिंह ने जनसाधारण को अवगत कराया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 06 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए विशेष अभियान की तिथियां 18 जनवरी 2026 (रविवार), 31 जनवरी 2026 (शनिवार) एवं 01 फरवरी 2026 (रविवार) निर्धारित की गई हैं। इन तिथियों पर सभी मतदान स्थलों पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (BLO) उपस्थित रहेंगे।

विशेष अभियान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर 06 जनवरी 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची, अप्राप्य (Uncollectable) श्रेणी के मतदाताओं की सूची (अनुपस्थित/स्थानांतरित/मृतक/डुप्लीकेट) तथा दावे-आपत्तियों से संबंधित सभी आवश्यक फार्म 6, 6A, 7 एवं 8 (घोषणा-पत्र सहित) उपलब्ध रहेंगे।

वे नागरिक जो 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं या कर रहे हैं, भारतीय नागरिक हैं एवं संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में सामान्यतः निवास कर रहे हैं, वे नए मतदाता पंजीकरण हेतु फार्म-6 भर सकते हैं।

इसके अतिरिक्त—

  • फार्म-6A: प्रवासी भारतीय नागरिकों के लिए
  • फार्म-7: नाम शामिल करने पर आपत्ति या नाम हटवाने हेतु
  • फार्म-8: निवास परिवर्तन, संशोधन, EPIC प्रतिस्थापन एवं दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन हेतु भरा जा सकता है।

भरे हुए फार्म निम्न स्थानों पर जमा किए जा सकते हैं—

  • संबंधित पोलिंग बूथ के BLO के पास
  • तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र (VRC)
  • तहसीलदार / सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी का कार्यालय
  • उप जिलाधिकारी / निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी का कार्यालय
  • जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी का कार्यालय

मतदाता ऑनलाइन माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट

👉 https://voters.eci.gov.in

या ECINET Mobile App का उपयोग किया जा सकता है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों से विशेष अभियान की तिथियों में सहयोग की अपील की है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

सभी मतदाताओं से अपील है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने मतदान केंद्र पर जाकर अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें तथा आवश्यक होने पर समय से दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराकर मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending